कुरुक्षेत्र में राजेश हत्याकांड का नया खुलासा

पत्नी बोली- ‘सिर पर काली माता आ गई थी’

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में राजेश की बेरहमी से हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। मकान मालिक रिंकू की मां अमरो देवी के मुताबिक, राजेश की हत्या करने के बाद उसकी पत्नी विमला आसपास के लोगों से कह रही थी कि उसके सिर पर काली माता आ गई थी, इसलिए उसने राजेश को मार दिया।

अमरो देवी ने बताया कि इसके बाद विमला छत से कूद गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद वह बेहोश हो गई। उनके मुताबिक, विमला का व्यवहार सनकी था और वह झाड़-फूंक भी करती थी।

शरीर के अंगों को लेकर भी जांच

मामले में पुलिस को राजेश के शरीर से लीवर का आधा हिस्सा और एक किडनी गायब मिली है। राजेश को सीने से लेकर प्राइवेट पार्ट तक काटे जाने और उसकी आंतें बोरी में भरने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद पुलिस हत्या के कारणों और शरीर के अंगों के गायब होने की जांच कर रही है।

राजेश की तीसरी पत्नी थी विमला

जांच में यह भी सामने आया है कि विमला राजेश की तीसरी पत्नी थी और उम्र में उससे करीब 4-5 साल बड़ी थी। दोनों ने उत्तर प्रदेश के सीतापुर में लव मैरिज की थी। राजेश का अपनी पहली दो पत्नियों से तलाक हो चुका था।

करीब एक साल पहले राजेश और विमला कुरुक्षेत्र में किराए के मकान में रहने आए थे। दोनों की कोई संतान नहीं थी।

शराब पीने का आदी था राजेश

राजेश पिहोवा रोड स्थित पीबी आरओ वाटर ट्रेडिंग कंपनी में काम करता था। कंपनी उसके किराए के मकान के पास ही थी। उसके साथ काम करने वाले एक व्यक्ति ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि राजेश शराब पीने का आदी था। कई बार वह दिन में भी शराब पी लेता था।

बताया गया कि विमला उसे शराब पीने से रोकती थी। हालांकि, राजेश ने कभी पत्नी के साथ किसी बड़े विवाद या झगड़े की बात सहकर्मियों को नहीं बताई थी।

आसपास के लोग ज्यादा बात करने से बच रहे

राजेश जिस मकान में किराए पर रहता था, उसके आसपास ज्यादा घर नहीं हैं। एक तरफ खाली प्लॉट और दूसरी तरफ बगीचा है। पास में एक धर्मशाला भी है। घटना के बाद आसपास के लोग मामले को लेकर ज्यादा कुछ बोलने से बच रहे हैं।

एक स्थानीय व्यक्ति के मुताबिक, विमला ज्यादातर समय कमरे में ही रहती थी और पड़ोसियों से ज्यादा बातचीत नहीं करती थी। कुछ लोगों ने उसे कई बार कच्चे चावल और चीनी खाते हुए भी देखा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button