राहुल गांधी का दावा- राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई

सोनिया गांधी और प्रियंका के साथ नए वीडियो में किया दावा, बिहार दौरे को बताया था आखिरी चेतावनी; 21 मई 1991 को आत्मघाती हमले में हुई थी राजीव गांधी की मौत

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या को लेकर बड़ा दावा किया है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उनके पिता की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या की जा सके। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की सुरक्षा में कटौती महज एक हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी कार्रवाई थी।

राहुल गांधी ने यह बात एक नए वीडियो में कही है, जिसमें वह अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ नजर आ रहे हैं। तीनों सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक पर चर्चा कर रहे थे। इस दौरान राहुल ने बताया कि उन्होंने अपनी मां को पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर पिता की सुरक्षा बहाल नहीं की गई, तो उन्हें जल्द ही उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लौटना पड़ सकता है।

राहुल बोले- पिता की सुरक्षा हटना महज हादसा नहीं था

वीडियो में राहुल गांधी ने कहा, “पापा की सुरक्षा इसलिए हटाई गई, ताकि उनकी हत्या हो सके। उनकी सुरक्षा हटना सिर्फ हादसा नहीं था। यह जानबूझकर किया गया था।”

उन्होंने आगे कहा, “उनकी हत्या के लिए माहौल बनाया गया था। यह साफ दिख रहा था कि क्या हो रहा है।”

राहुल ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे पर अपने पिता और मां, दोनों से बात की थी। सुरक्षा को लेकर उनकी अपने पिता से बहस भी हुई थी। राहुल के मुताबिक, बिहार का दौरा उनके लिए आखिरी चेतावनी साबित हुआ।

सोनिया गांधी ने बताया- बिहार दौरा बहुत डरावना था

वीडियो में सोनिया गांधी ने राजीव गांधी के बिहार दौरे का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उस समय राजीव गांधी विपक्ष के नेता थे और खुले जीप में यात्रा कर रहे थे। इस दौरान लोगों ने उन पर पत्थर और चट्टानें फेंकीं। उनके खिलाफ नारेबाजी और शोर भी किया गया।

सोनिया गांधी के मुताबिक, राहुल पूरे दौरे में अपने पिता के साथ थे। उन्होंने अपनी आंखों से राजीव गांधी पर पत्थर फेंके जाते देखे और उनके खिलाफ नारेबाजी सुनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button