रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, 16 मिठाइयों के नमूने लिए

30 किलो छेना रसगुल्ला मौके पर नष्ट कराया, 174 किलो डिब्बाबंद मिठाई जब्त; जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

अंबेडकरनगर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने सोमवार को जिले में विशेष अभियान चलाया। टीमों ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। अपमिश्रण के संदेह में मिठाई, खोया और बूंदी समेत कुल 16 नमूने लिए गए। सभी नमूने जांच के लिए खाद्य विश्लेषक, उत्तर प्रदेश की प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

अस्वास्थ्यकर स्थिति में रखा 30 किलो रसगुल्ला नष्ट

बंजरहा रामपुर स्थित प्रदुम कुमार मोदनवाल के प्रतिष्ठान पर करीब 30 किलो छेना रसगुल्ला अस्वास्थ्यकर स्थिति में बिक्री के लिए रखा मिला। जनस्वास्थ्य को देखते हुए उसका नमूना लेने के बाद मौके पर ही पूरा स्टॉक नष्ट करा दिया गया। इसकी अनुमानित कीमत 9,000 रुपये बताई गई है।

174 किलो डिब्बाबंद मिठाई जब्त

गन्नीपुर बसखारी स्थित रजनीश ट्रेडर्स से 174 किलो डिब्बाबंद मिठाई जब्त की गई। विभाग के अनुसार मिठाई के मिथ्याछाप और अधोमानक होने का संदेह है। जब्त मिठाई की अनुमानित कीमत 26,100 रुपये बताई गई है। कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की संबंधित धाराओं के तहत की गई।

इन प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने

अभियान के दौरान हरिओम स्वीट हाउस मालीपुर चौराहा से खोया, राम अवतार पुत्र मेवालाल से बर्फी और साधूराम मिष्ठान भंडार सुरहुरपुर से खोया का नमूना लिया गया।

बब्लू स्वीट हाउस महरुआ से कलाकंद व गुलाब जामुन, वर्मा मिष्ठान भंडार से खोया और मनीष कुमार यादव के प्रतिष्ठान से पेड़ा का नमूना लिया गया।

आयुष स्वीट एंड फास्ट फूड रामपुर कला से खोया, प्रदुम कुमार मोदनवाल बंजरहा रामपुर से छेना रसगुल्ला तथा मोहन स्वीट्स एंड कैटर्स रगड़गंज अकबरपुर से खोया और पेड़ा का नमूना लिया गया।

जय अंबे स्वीट बाक्स गन्नीपुर बसखारी से पतीसा रोल और नंदिनी स्वीट बूंदी का नमूना लिया गया। कटरिया याकूबपुर अकबरपुर के राम सुभावन से बर्फी, रगड़गंज अकबरपुर के शुभम मोदनवाल से बर्फी और रजनीश ट्रेडर्स से डिब्बाबंद मिठाई का नमूना लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button