नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने NEET पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी के मुद्दे को लेकर 5 सितंबर को दिल्ली में विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है। पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार ने 25 जुलाई को युवाओं से किए गए वादों को अब तक पूरा नहीं किया है।
पार्टी के मुताबिक इन्हीं आश्वासनों के आधार पर जंतर-मंतर का आंदोलन वापस लिया गया था।
इंडिया गेट से पुलिस मुख्यालय तक मार्च
CJP के अनुसार विरोध मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर नई दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक जाएगा। मार्च में उन छात्रों के परिजन भी शामिल होंगे, जिन्होंने कथित NEET पेपर लीक के बाद आत्महत्या की थी।
इससे पहले CJP ने 20 जुलाई को भी जंतर-मंतर से संसद तक विरोध मार्च निकाला था।
वादे पूरे नहीं होने का आरोप
सोमवार को पार्टी की वर्किंग कमेटी की वर्चुअल बैठक में 5 सितंबर को मार्च निकालने का फैसला लिया गया। CJP का आरोप है कि सरकार ने छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
पार्टी ने कहा कि सरकार को आंदोलनकारियों के धैर्य को कमजोरी नहीं समझना चाहिए।
20 जून से चल रहा था आंदोलन
CJP ने NEET पेपर लीक और परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में 20 जून से जंतर-मंतर पर आंदोलन शुरू किया था। पार्टी के मुताबिक 25 जुलाई को सरकार की ओर से मिले आश्वासन और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर सहमति के बाद आंदोलन समाप्त किया गया था।









