अंबेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा टल गया। सुरहुरपुर बाजार के आगे नदी पुल के पास रेडिएंट एकेडमी की स्कूली बस और चीनी लदे ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर हो गई। बस में करीब 25 बच्चे सवार थे। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने बच्चों को बस से बाहर निकाला। सभी बच्चे सुरक्षित बताए गए हैं। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जलालपुर से बच्चों को लेकर जा रही थी बस
जलालपुर स्थित रेडिएंट एकेडमी की बस मंगलवार सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान मालीपुर की ओर से चीनी लदा ट्रेलर शाहगंज की तरफ जा रहा था। सुरहुरपुर बाजार के आगे नदी पुल के पास दोनों वाहन आमने-सामने आ गए और टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद बस में सवार बच्चों के बीच अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों को मिली राहत
हादसे की जानकारी मिलते ही बच्चों के अभिभावकों में चिंता फैल गई। कुछ ही देर में बच्चों के सुरक्षित होने की सूचना मिलने पर परिजनों को राहत मिली।
स्थानीय लोगों ने बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में मदद की। हादसे में किसी बच्चे या चालक के घायल होने की सूचना नहीं है।









