अंबेडकरनगर। रविवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर उस समय एक अलग तस्वीर देखने को मिली, जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का काफिला अचानक कुछ देर के लिए रुक गया। वजह थी सड़क किनारे मौजूद उनके दिव्यांग कार्यकर्ता जय मगन, जिनसे मिलने के लिए उन्होंने अपना काफिला रुकवाया। कुछ मिनट चली यह मुलाकात वहां मौजूद लोगों और स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय बन गई।
कार्यकर्ता पर पड़ी नजर, रुक गया काफिला
जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव आजमगढ़ में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद लखनऊ लौट रहे थे। इसी बीच उनके दिव्यांग कार्यकर्ता जय मगन को उनके लौटने की सूचना मिली। वह भेलहरा के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर पहुंच गए और काफिले का इंतजार करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काफिला वहां पहुंचा तो अखिलेश यादव की नजर जय मगन पर पड़ी। उन्होंने तत्काल फ्लीट रुकवाने का निर्देश दिया। वाहन से उतरकर वह सीधे कार्यकर्ता के पास पहुंचे और उनसे मुलाकात की।
हालचाल जाना, कुछ देर की बातचीत
अखिलेश यादव ने जय मगन से उनका हालचाल पूछा और कुछ देर तक बातचीत की। इस दौरान उन्होंने उनका उत्साह बढ़ाया और हाल की गतिविधियों की जानकारी भी ली। मुलाकात के दौरान आसपास मौजूद लोग भी वहां एकत्र हो गए। कई लोगों ने इस क्षण को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया।
कुछ मिनट की मुलाकात, पूरे इलाके में बनी चर्चा
बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के हुई इस मुलाकात ने स्थानीय स्तर पर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा बटोर ली। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि काफिला कुछ मिनट तक रुका रहा, जिसके बाद अखिलेश यादव लखनऊ के लिए रवाना हो गए।









