31 अगस्त से पहले करा लें फसल बीमा, वरना छूट सकता है योजना का लाभ

भूमि एवं जल संरक्षण समिति की बैठक में कृषि योजनाओं की समीक्षा, पात्र किसानों तक लाभ पहुंचाने और पारदर्शिता पर जोर

अंबेडकरनगर। खरीफ फसलों को लेकर किसानों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने पात्र किसानों को समय से योजना से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।

बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति और जिला मिशन समिति की बैठक हुई। इसमें कृषि विभाग से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ फसल बीमा योजना पर भी चर्चा हुई।

फसल खराब हुई तो बीमा से मिलेगा लाभ

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अधिक से अधिक पात्र किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जोड़ा जाए। प्राकृतिक आपदा या अन्य कारणों से फसल को नुकसान होने की स्थिति में पात्र किसानों को योजना के तहत लाभ मिल सकेगा।

जिलाधिकारी ने किसानों तक योजना की जानकारी पहुंचाने और अंतिम तिथि से पहले बीमा कराने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा।

खेत तालाब योजना की भी हुई समीक्षा

बैठक में खेत तालाब योजना, पंडित दीन दयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना और आरकेवीवाई-रफ्तार/आरएडी योजना की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने योजनाओं के तहत चल रहे कार्यों, किसानों को मिल रही सुविधाओं और प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के लिए पात्र किसानों का चयन कर उन्हें समय से लाभ दिया जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button