लुधियाना। रक्षाबंधन से पहले लुधियाना के बस्सियां में दर्दनाक घटना सामने आई। घर के आंगन में सो रहे भाई-बहन को सांप ने डस लिया। दोनों बच्चों की करीब 18 घंटे के भीतर मौत हो गई। मृतकों की पहचान 8 वर्षीय जोबनप्रीत सिंह और 6 वर्षीय जसप्रीत कौर के रूप में हुई है।
परिवार को शुरुआत में लगा कि बच्चों को मच्छर ने काटा है। हालत बिगड़ने पर जब उन्होंने हाथ पर डंक के निशान देखे, तब खाट के नीचे सांप भी दिखाई दिया। इसके बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
गर्मी के कारण आंगन में सो रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, अमनदीप सिंह का परिवार गर्मी के कारण घर के आंगन में खाट बिछाकर सो रहा था। परिवार में अमनदीप सिंह, उनकी पत्नी, तीन बच्चे और उनकी मां जिंदर कौर थीं।
8 वर्षीय जोबनप्रीत और 6 वर्षीय जसप्रीत अपनी दादी के पास सोए हुए थे। बुधवार तड़के करीब 3 बजे जोबनप्रीत ने दादी को हाथ में कीड़े के काटने की बात बताई।
रोने पर देखा डंक का निशान, खाट के नीचे मिला सांप
दादी ने शुरुआत में इसे मच्छर का काटना समझा। लेकिन जोबनप्रीत ने बताया कि उसे किसी ने जोर से काटा है। कुछ देर बाद वह जोर-जोर से रोने लगा, जिसके बाद परिवार के लोग जाग गए।
परिजनों ने उसके हाथ पर डंक का निशान देखा। इसी दौरान खाट के नीचे सांप भी दिखाई दिया। इसके बाद परिवार को सांप के काटने की पुष्टि हुई और दोनों बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
त्योहार से पहले परिवार में पसरा मातम
जोबनप्रीत तीसरी कक्षा का छात्र था, जबकि उसकी बहन जसप्रीत पहली कक्षा में पढ़ती थी। रक्षाबंधन से पहले दोनों भाई-बहन की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।









