- लखनऊ में ABVP ने झारखंड सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया
- हजरतगंज में हेमंत सोरेन का पुतला फूंका
- JPSC-JSSC परीक्षाओं में धांधली का आरोप
झारखंड में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को लखनऊ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने प्रदर्शन किया। ABVP की लखनऊ महानगर इकाई से जुड़े छात्रों और कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज चौराहे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला जलाया। इसके बाद जीपीओ पार्क में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
JPSC-JSSC परीक्षाओं में धांधली का आरोप
प्रदर्शनकारी छात्रों ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितता और पेपर लीक का आरोप लगाया। उनका कहना है कि इन मुद्दों को लेकर झारखंड में छात्र शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उनके खिलाफ लाठीचार्ज किया।
हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे छात्र
ABVP कार्यकर्ता हाथों में विभिन्न नारों वाली तख्तियां लेकर प्रदर्शन में पहुंचे। तख्तियों पर ‘छात्र शक्ति-राष्ट्र शक्ति’, ‘अन्याय के खिलाफ, हम हैं साथ’, ‘झारखंड सरकार शर्म करो’ और ‘छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करो’ जैसे नारे लिखे थे।
प्रदर्शन के दौरान हेमंत सोरेन और झारखंड सरकार के खिलाफ भी नारे लगाए गए।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
छात्रों ने परीक्षा में कथित धांधली की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और झारखंड के अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की।
‘लाठीचार्ज की जिम्मेदारी सरकार को लेनी होगी’
ABVP लखनऊ विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष आदर्श मिश्रा ने कहा कि छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की जिम्मेदारी झारखंड सरकार को लेनी होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा में पेपर लीक और कथित धांधली के मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।









