लखनऊ। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह के जन्मदिन के अवसर पर लखनऊ में 24 कुंडीय महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। आईआईएम रोड स्थित वेद माता गायत्री ट्रस्ट, आरोग्यधाम केंद्र में महायज्ञ की तैयारियां पूरी की गई हैं। आयोजन में गायत्री परिवार के सदस्यों के साथ भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
महायज्ञ में देश और समाज के कल्याण की कामना के साथ आहुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही समाज में आपसी भाईचारा और एकता बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।
जात-पात का भेद मिटाने पर जोर
आयोजकों के मुताबिक महायज्ञ का उद्देश्य समाज में जात-पात के भेदभाव को दूर कर लोगों को एक-दूसरे के करीब लाना है। कार्यक्रम के दौरान सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और सामाजिक एकता मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।
आयोजक एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ, लखनऊ महानगर के संयोजक अभिषेक खरे ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश और समाज की भलाई की कामना करना है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति के साथ समाज में भाईचारा और एकता भी जरूरी है।
2047 तक विकसित भारत का संकल्प
महायज्ञ के दौरान 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने का संकल्प भी लिया जाएगा। कार्यक्रम अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार की देखरेख में आयोजित किया जा रहा है।
ऋषियों और संतों के नाम पर बनाए गए कुंड
महायज्ञ के लिए अलग-अलग ऋषियों और संतों के नाम पर कुंड बनाए गए हैं। आयोजकों का कहना है कि इन कुंडों के माध्यम से सामाजिक भेदभाव खत्म करने और लोगों को एकजुट रहने का संदेश दिया जाएगा।
अभिषेक खरे ने कहा कि भारतीय परंपरा में किसी व्यक्ति की पहचान केवल उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म और गुणों से होती है। उन्होंने विश्वामित्र, संत कबीरदास और संत रविदास का उदाहरण देते हुए सामाजिक समरसता का संदेश दिया।









