लखनऊ में पावर हाउस पर बवाल, लोगों ने की तोड़फोड़ और पथराव

चिनहट के लौलई पावर हाउस में बिजली कटौती से नाराज लोगों का हंगामा, कई इलाकों में फॉल्ट और आग की घटनाएं भी सामने आईं

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चिनहट स्थित लौलई पावर हाउस पर शनिवार देर रात जमकर बवाल हो गया। बिजली कटौती से नाराज लोगों ने पावर हाउस पर पथराव और तोड़फोड़ की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे आई आंधी और बारिश के कारण कई इलाकों में बिजली सप्लाई बाधित हो गई थी। करीब एक घंटे तक लोग अंधेरे में रहे। बाद में जिन क्षेत्रों में कोई बड़ा फॉल्ट नहीं था, वहां रात 11:45 बजे तक बिजली बहाल कर दी गई, लेकिन कुछ इलाकों में सप्लाई बहाल न होने से लोगों में आक्रोश बढ़ गया।

इसी नाराजगी के चलते चिनहट क्षेत्र के उपभोक्ता पावर हाउस पहुंच गए और हंगामा करते हुए गाड़ियों और परिसर में लगे उपकरणों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। पथराव और लाठी-डंडों से एसी और दीवारों को भी क्षति पहुंचाई गई।

इस बीच लखनऊ के अन्य इलाकों में भी बिजली संबंधी घटनाएं सामने आईं। विकासनगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-N1 के पास बिजली के खंभे में अचानक आग लग गई, जिसे फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर बुझाया। वहीं अमीनाबाद के गोइन रोड पर बिजली केबल जलने के कारण कई घंटे तक सप्लाई बाधित रही, जो बाद में बहाल की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button