सरयू की तेज धारा में लापता जया का 36 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग

चहोड़ा घाट पर 11 सदस्यीय एसडीआरएफ टीम ने संभाला मोर्चा, स्टीमर और नाव से लगातार चल रही तलाश

अंबेडकरनगर)। आलापुर के  चहोड़ा घाट पर सरयू नदी में लापता हुई जोगीपुर बहिगवां ग्राम पंचायत निवासी जया पांडेय का 36 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। दूसरे दिन भी नदी में सघन तलाशी अभियान जारी रहा। 11 सदस्यीय एसडीआरएफ टीम ने स्टीमर और नाव के जरिए नदी के संभावित हिस्सों में खोजबीन की। आलापुर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

नायब तहसीलदार रमेश चंद्र पांडेय ने चहोड़ा घाट पर पहुंचकर बचाव अभियान की निगरानी की। नदी की तेज धारा और गहराई के कारण तलाशी में चुनौती बनी हुई है।

फोटो खींचते समय नदी में गिरी जया
जानकारी के अनुसार जोगीपुर बहिगवां निवासी शैलेश पांडेय की बेटियां जया और शुभी बुधवार को चहोड़ा घाट पहुंची थीं। दोनों सरयू नदी के किनारे फोटो खींच रही थीं। इसी दौरान जया का पैर फिसल गया और वह तेज धारा में जा गिरी।

बहन को नदी में जाता देख शुभी ने उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। दोनों को नदी में जाता देख घाट पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल बचाव का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों ने शुभी को नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन जया तेज बहाव में बह गई।

शुभी को अस्पताल में कराया गया भर्ती
नदी से बाहर निकाली गई शुभी को तत्काल रामनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। पीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष राय की देखरेख में उसका उपचार किया गया। बताया गया कि शुभी की हालत खतरे से बाहर है।

स्टीमर और नाव से संभावित स्थानों पर तलाश
जया के नदी में लापता होने के बाद से ही पुलिस और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हैं। एसडीआरएफ टीम के पहुंचने के बाद अभियान को व्यापक किया गया है। स्टीमर और नाव से नदी के अलग-अलग हिस्सों में खोजबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button