लखनऊ। लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र के नरेरा गांव में शनिवार रात 25 वर्षीय अजीत यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि ऑटो की किस्त जमा नहीं करने पर पिता ने उसे डांटा था। इसके बाद युवक अपने कमरे में चला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
पिता ने कर्ज लेकर दिलाया था ऑटो
अजीत के पिता विजय कुमार यादव खेती-किसानी करते हैं। उन्होंने बैंक से कर्ज लेकर कुछ समय पहले बेटे के लिए ऑटो खरीदा था। अजीत ऑटो चलाकर उसकी किस्तें जमा करता था। शनिवार शाम पिता को जानकारी हुई कि ऑटो की किस्त जमा नहीं हुई है। इस पर उन्होंने अजीत को डांट दिया।
कमरे में पंखे के हुक से लटका मिला
डांट के बाद अजीत खाना खाकर अपने कमरे में चला गया। रात करीब 11 बजे पिता उसे समझाने के लिए कमरे में पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बाद भी जवाब नहीं मिला। खिड़की से देखने पर अजीत पंखे के हुक से गमछे के सहारे लटका मिला। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
चार महीने पहले भाई की भी हुई थी मौत
अजीत के परिवार में पिता विजय कुमार, मां कान्ती, छोटा भाई राजेश और छोटी बहन बबली हैं। परिवार के मुताबिक, करीब चार महीने पहले अजीत के दूसरे नंबर के भाई विजय बहादुर की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
शराब पीने का भी आदी था युवक
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि अजीत शराब पीने का आदी था। पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम वह शराब के नशे में घर पहुंचा था, जिसके बाद परिजनों ने उसे डांटा था। पुलिस इसी बात को घटना की शुरुआती वजह मानकर जांच कर रही है।









