लखनऊ। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार सुबह शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। करीब 30 मिनट तक चली इस मुलाकात के बाद अखिलेश ने कहा कि शंकराचार्य गोमाता को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने को लेकर चिंतित हैं और इसके लिए रास्ता तलाश रहे हैं।
राम मंदिर चढ़ावा मामले पर अखिलेश यादव ने कहा कि धर्म में चढ़ावे की चोरी महापाप है और इस मामले में गंभीर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि SIT केवल लीपापोती कर रही है। साथ ही दावा किया कि भाजपा में भगदड़ शुरू हो गई है और कई लोग उनसे संपर्क कर रहे हैं।
मुलाकात के दौरान शंकराचार्य ने भी राम मंदिर चढ़ावा मामले का जिक्र करते हुए कहा कि मंदिर में घोटाला हुआ है और कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई होगी, लेकिन नए मुख्यमंत्री के आने पर सख्त कार्रवाई होगी।
शंकराचार्य इन दिनों ‘गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने’ की मांग को लेकर 81 दिन की गविधि (गोरक्षार्थ-धर्मयुद्ध) यात्रा पर हैं। इसी क्रम में वह बुधवार को लखनऊ पहुंचे थे। पिछले चार महीनों में अखिलेश यादव और शंकराचार्य की यह दूसरी मुलाकात है।









