अंबेडकरनगर। जिले में सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 34 बी-पैक्स समितियों के जीर्णोद्धार और मरम्मत को मंजूरी मिली है। इन समितियों के भवन और गोदाम लंबे समय से खराब हालत में थे। अब इनके जरूरी हिस्सों की मरम्मत कराई जाएगी।
इन कार्यों के लिए कुल 338.05 लाख रुपये यानी करीब 3.38 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। यह पहल सदस्य विधान परिषद हरिओम पांडेय की ओर से भेजे गए प्रस्ताव के बाद हुई है।
दो वित्तीय वर्षों में जारी होगी धनराशि
स्वीकृत राशि को दो वित्तीय वर्षों में रखा गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 17 बी-पैक्स समितियों के लिए 168.05 लाख रुपये और वित्तीय वर्ष 2026-27 में 17 समितियों के लिए 170 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
जिले में वर्ष 1980 से 1985 के बीच निर्मित 99 बी-पैक्स समितियों के गोदामों की हालत लंबे समय से खराब बताई गई थी। इनमें छत, प्लास्टर, फर्श, खिड़की और दरवाजों की मरम्मत की जरूरत थी।
इन ब्लॉकों की समितियां शामिल
स्वीकृति पाने वाली समितियों में भियांव ब्लॉक की पांच, जहांगीरगंज की तीन, बसखारी की चार, रामनगर की चार, अकबरपुर की पांच, कटेहरी की छह और जलालपुर की पांच समितियां शामिल हैं।
भियांव: नेवादा कलां, खजुरी करौदी, पखनपुर, अम्बरपुर और दिनकरपुर।
जहांगीरगंज: अलऊपुर, ठेगीप्रतापपुर और परतूपुर।
बसखारी: सिंहपुर, तरौली मुवारकपुर, बरही मोहनपुर और अशरफपुर मजगांवा।
रामनगर: रामनगर महुवर, बरहीपुर चहोड़ा, संदहा मजगांवा और मकदूमनगर।
अकबरपुर: सिकन्दरपुर, रामपुर सम्पट्टी, सिझौली, रामपुर सकरवारी और ताराखुर्द।
कटेहरी: औरंगनगर, अशरफपुर बरवां, महरुआं गोला, सुमेरपुर, आशाजीतपुर कला और हैदराबाद।
जलालपुर: खजुरी करौदी, जीवत, बड़ागांव, धवरुआ, मैनुद्दीनपुर और नगपुर।









