अंबेडकरनगर। सावन में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए अब श्रद्धालुओं को गंगाजल की तलाश में दूर नहीं जाना पड़ेगा। डाक विभाग ने जिले के प्रधान डाकघर सहित 32 उप डाकघरों में उत्तराखंड के गंगोत्री से लाया गया गंगाजल उपलब्ध कराया है। श्रद्धालु 30 रुपये में 300 मिलीलीटर गंगाजल की शीशी खरीद सकते हैं।
गंगोत्री से मंगाई गईं तीन हजार शीशियां
डाक विभाग ने सावन को देखते हुए जिले में गंगोत्री का गंगाजल उपलब्ध कराया है। प्रधान डाकघर समेत 32 उप डाकघरों में कुल तीन हजार शीशियां भेजी गई हैं। प्रधान डाकघर में गंगाजल बिक्री के लिए अलग काउंटर बनाया गया है, जहां प्रतिदिन श्रद्धालुओं को गंगाजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
एक हजार से अधिक शीशियां बिक चुकीं
डाक विभाग के अनुसार अब तक एक हजार से अधिक गंगाजल की शीशियां बिक चुकी हैं। सावन के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती मांग को देखते हुए डाकघरों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखा गया है।
इन उप डाकघरों में भी है व्यवस्था
जलालपुर, जाफरगंज, मालीपुर, बसखारी, टांडा, बरियावां, विद्युतनगर, महरुआ, भीटी, कटेहरी, औरंगनगर समेत अन्य उप डाकघरों में 100-100 शीशियां भेजी गई हैं, ताकि विभिन्न क्षेत्रों के श्रद्धालु आसानी से गंगाजल प्राप्त कर सकें।
शिव मंदिरों में भी लगाए जाएंगे बिक्री स्टॉल
पोस्टमास्टर सुमन पांडेय ने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को शिव बाबा धाम परिसर में गंगाजल बिक्री के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। तीन अगस्त, सावन के पहले सोमवार को भी शिव बाबा धाम में स्टॉल लगाया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में ही गंगाजल उपलब्ध हो सके।









