दिल्ली के निजी स्कूल में 3 साल की बच्ची से यौन शोषण, कैब ड्राइवर गिरफ्तार

चॉकलेट का लालच देकर बच्ची को ले जाता था सीढ़ियों के नीचे, मोबाइल में मिले बच्चों के वीडियो

  • दिल्ली के बवाना के निजी स्कूल में 3 साल की बच्ची के यौन शोषण का मामला
  • स्कूल के कैब ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार किया
  • चॉकलेट का लालच देकर बच्ची के साथ गलत हरकत करने का आरोप

नई दिल्ली। दिल्ली के बवाना इलाके के एक निजी स्कूल में तीन साल की छात्रा के यौन शोषण का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में स्कूल में काम करने वाले कैब ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि वह बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर उसके साथ गलत हरकत करता था।

पुलिस के मुताबिक, बच्ची के व्यवहार में बदलाव देखकर उसकी मां ने उससे बातचीत की। इस दौरान बच्ची ने स्कूल में आने वाले एक ‘बैड अंकल’ के बारे में बताया। बच्ची आरोपी का नाम नहीं बता सकी, जिसके बाद परिजनों ने स्कूल प्रशासन को इसकी जानकारी दी।

CCTV और फोटो दिखाने पर बच्ची ने आरोपी को पहचाना

24 अगस्त को स्कूल प्रशासन ने बच्ची को कई लोगों की तस्वीरें और CCTV फुटेज दिखाए। बच्ची ने इनमें आरोपी कैब ड्राइवर की पहचान कर ली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर आरोपी को स्कूल परिसर से गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी पिछले करीब आठ महीने से स्कूल में कैब ड्राइवर के तौर पर काम कर रहा था।

सीढ़ियों के नीचे ले जाकर गलत हरकत का आरोप

पुलिस के अनुसार, CCTV फुटेज में आरोपी स्कूल परिसर में जेब में चॉकलेट रखकर घूमता दिखाई दिया है। आरोप है कि बच्ची के वॉशरूम जाने के दौरान वह उसके पीछे गया और उसे चॉकलेट दी।

इसके बाद आरोपी बच्ची को सीढ़ियों के नीचे ले गया, जहां उसके साथ गलत हरकत करने का आरोप है। पुलिस मामले से जुड़े CCTV फुटेज की जांच कर रही है।

मोबाइल में कई बच्चों के वीडियो मिलने का दावा

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल की जांच में आरोपी के कई छोटे बच्चों को चॉकलेट देते हुए वीडियो मिले हैं।

अब पुलिस इन वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य बच्चों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार, जरूरत पड़ने पर इन बच्चों को काउंसलिंग और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

पुलिस ने जांच शुरू की

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस स्कूल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ने किसी अन्य बच्चे के साथ भी ऐसी हरकत तो नहीं की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button