MP में पहली बार 10 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा, यूपी के 10 शहरों में कोहरा

भोपाल-जबलपुर में पचमढ़ी से ज्यादा ठंड, नोएडा एयरपोर्ट पर कोहरे से 5 फ्लाइट लेट; राजस्थान में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मध्य प्रदेश में ठंड ने दस्तक तेज कर दी है। सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचा है। वहीं, उत्तर प्रदेश के कई शहरों में सुबह कोहरा छाने लगा है। नोएडा और गाजियाबाद में खराब हवा के साथ प्रदूषण की समस्या बनी हुई है। दूसरी ओर राजस्थान में बारिश और हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में बर्फबारी के आसार हैं।

मध्य प्रदेश में पहली बार 10 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा

मध्य प्रदेश में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। सीजन में पहली बार तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

प्रदेश के 15 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। खास बात यह है कि भोपाल और जबलपुर में प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंड महसूस की जा रही है।

यूपी के 10 शहरों में सुबह छाया कोहरा

उत्तर प्रदेश में भी मौसम बदलने लगा है। गुरुवार सुबह राजधानी लखनऊ समेत 10 शहरों में कोहरा देखने को मिला। सुबह के समय दृश्यता प्रभावित होने से यातायात और हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा।

नोएडा एयरपोर्ट पर कोहरे के कारण पांच फ्लाइट ने देरी से उड़ान भरी। वहीं, नोएडा और गाजियाबाद में वायु प्रदूषण की स्थिति खराब बनी हुई है। सुबह 6 बजे यहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 278 दर्ज किया गया।

राजस्थान में बारिश के बाद बढ़ेगी सर्दी

राजस्थान में 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) का असर देखने को मिल सकता है। इसके चलते बीकानेर संभाग में बारिश होने की संभावना है। मौसम में बदलाव के बाद 16 नवंबर से प्रदेश में ठंड बढ़ने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button