AI को लेकर एलन मस्क का बड़ा दावा

2027 के अंत तक कंप्यूटर और इंटरनेट के काम में इंसानों से आगे निकल जाएगा

दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी और एलन मस्क ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती क्षमताओं को लेकर बड़ा दावा किया है। मस्क के मुताबिक AI बहुत तेजी से इंसानों जैसी समझ विकसित कर रहा है और अगले साल के अंत तक कंप्यूटर और इंटरनेट से जुड़े कई कामों में इंसानों से आगे निकल सकता है।

मस्क ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट का जवाब देते हुए AI की क्षमताओं को लेकर यह बात कही। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि AI की यह सुपरह्यूमन क्षमता फिलहाल डिजिटल दुनिया तक ही सीमित रहेगी।

डिजिटल कामों में इंसानों से आगे निकल सकता है AI

मस्क के अनुसार AI कंप्यूटर और इंटरनेट से जुड़े कामों को बेहद तेजी से करने में सक्षम होगा। वह डिजिटल सिस्टम में मौजूद जानकारी को समझने, उसका विश्लेषण करने और कई तरह के कामों को इंसानों की तुलना में अधिक तेजी से पूरा कर सकेगा।

हालांकि, मस्क ने कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि AI तुरंत इंसानों की जगह ले लेगा। फैक्ट्रियों में उत्पादन, निर्माण कार्य या घर बनाने जैसे भौतिक और जमीनी कामों में AI फिलहाल इंसानों की जगह लेने की स्थिति में नहीं है।

‘द मैट्रिक्स’ जैसी दुनिया की चिंता अभी नहीं

मस्क ने AI को लेकर लोगों की उस चिंता को भी कम करने की कोशिश की, जिसमें भविष्य में रोबोट्स के इंसानों पर हावी होने की आशंका जताई जाती है। उन्होंने संकेत दिया कि डिजिटल क्षेत्र में AI की क्षमताएं तेजी से बढ़ सकती हैं, लेकिन वास्तविक दुनिया में मशीनों के जरिए इंसानों को पूरी तरह बदलना अभी आसान नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button