लखनऊ। लखनऊ के महिगवां थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान की रखवाली कर रहे 25 वर्षीय सतीश यादव की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। रविवार देर रात करीब 2 बजे गनेशपुर गांव में हमलावरों ने छत पर सो रहे सतीश पर ताबड़तोड़ चाकू से करीब 15 वार किए। गंभीर रूप से घायल सतीश छत से नीचे खेत में जा गिरे।
घायल अवस्था में सतीश किसी तरह खेत से उठे और करीब 400 मीटर तक भागे, लेकिन इसके बाद वह दोबारा खेत में गिर पड़े। गांव के एक व्यक्ति ने उन्हें घायल हालत में देखा और उनके पिता को सूचना दी।
केजीएमयू में इलाज के दौरान हुई मौत
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और सतीश को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। महिगवां पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और घायल सतीश को इलाज के लिए केजीएमयू भेजा गया। हालांकि, सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सतीश के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन बिंदुओं पर हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस हत्या के पीछे की वजह पता लगाने के लिए कई पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सतीश का गांव की एक शादीशुदा महिला से संपर्क था और दोनों के बीच लगातार बातचीत होती थी। घटना के बाद से महिला का मोबाइल फोन बंद है। पुलिस उससे संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
इसके अलावा सतीश के ननिहाल की जमीन बेचने से जुड़े विवाद की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं जमीन से जुड़े किसी विवाद के चलते तो वारदात को अंजाम नहीं दिया गया।
पांच दिन पहले ही शुरू की थी चौकीदारी
सतीश ने घटना से महज पांच दिन पहले ही निर्माणाधीन मकान में चौकीदारी का काम शुरू किया था। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों और आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।









