नई दिल्ली। सोने-चांदी की कीमतों में बुधवार यानी 2 सितंबर को एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव ₹1,855 गिरकर करीब ₹1.51 लाख पर आ गया। वहीं, एक किलो चांदी की कीमत ₹2,059 घटकर करीब ₹2.28 लाख रह गई।
PM मोदी की अपील के बाद लगातार दूसरे दिन गिरावट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गैर-जरूरी सोना नहीं खरीदने की अपील के बाद कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिल रहा है। पिछले दो दिनों में सोना करीब ₹4,500 और चांदी करीब ₹9,000 सस्ती हो चुकी है। मंगलवार को भी सोने के दाम ₹2,652 और चांदी के भाव ₹6,780 तक गिरे थे।
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का भी असर
मार्केट एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, प्रधानमंत्री की अपील के अलावा कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर भी सोने-चांदी की कीमतों पर पड़ा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान और अमेरिका के बीच बढ़े तनाव का असर भी बाजार की चाल पर दिखाई दे रहा है।
सोना 29 जनवरी के हाई से ₹24 हजार सस्ता
इस साल सोने की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव रहा है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने का भाव करीब ₹1.33 लाख था। 29 जनवरी को यह बढ़कर करीब ₹1.76 लाख के ऊपरी स्तर पर पहुंच गया था। इसके बाद अब सोना करीब ₹24 हजार सस्ता हो चुका है।
चांदी भी ऑलटाइम हाई से ₹1.58 लाख नीचे
चांदी की कीमत 31 दिसंबर 2025 को करीब ₹2.28 लाख प्रति किलो थी। 29 जनवरी को यह बढ़कर करीब ₹3.86 लाख के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गई थी। मौजूदा भाव के मुकाबले चांदी अपने उच्चतम स्तर से करीब ₹1.58 लाख नीचे आ चुकी है।









