3284 पदों की भर्ती में देरी पर अभ्यर्थियों का हंगामा

बारिश में डिप्टी CM आवास पहुंचे- बारिश में भी प्रदर्शन पर डटे रहे अभ्यर्थी

लखनऊ। लखनऊ में जूनियर असिस्टेंट के 3284 पदों पर भर्ती प्रक्रिया में देरी को लेकर बुधवार को सैकड़ों अभ्यर्थियों ने डिप्टी CM ब्रजेश पाठक के आवास का रुख किया। बारिश के बीच अभ्यर्थी हाथों में पोस्टर लेकर भर्ती जल्द पूरी करने और रिजल्ट जारी करने की मांग करते रहे। उनका कहना था कि लंबे समय से प्रक्रिया अटकी होने के कारण हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

डिप्टी CM ने अभ्यर्थियों से की मुलाकात

प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने अभ्यर्थियों से मुलाकात की। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान अभ्यर्थियों की आयोग के अध्यक्ष से फोन पर बातचीत भी कराई गई, जहां उन्होंने अपनी मांगें रखीं।

PET-2023 के आधार पर होनी है भर्ती

अभ्यर्थियों के मुताबिक, PET-2023 के आधार पर जूनियर असिस्टेंट के 3284 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। अभ्यर्थी अब रिजल्ट जारी करने के साथ टाइपिंग परीक्षा की तारीख घोषित करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि भर्ती में लगातार हो रही देरी से तैयारी कर रहे युवाओं में नाराजगी बढ़ रही है।

‘आश्वासन नहीं, अब रिजल्ट चाहिए’

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि भर्ती प्रक्रिया में ठोस कार्रवाई चाहिए। उनकी मांग है कि जल्द रिजल्ट जारी किया जाए और टाइपिंग परीक्षा की तारीख तय कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाए। अभ्यर्थियों ने चुनाव से पहले भर्ती पूरी कराने की मांग भी उठाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button