लखनऊ। लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विभवखंड-3 में आवारा कुत्तों ने दो लोगों पर हमला कर दिया। व्यापारी अनिल उपाध्याय और घरेलू सहायिका सरिता कुत्तों के हमले में घायल हो गए।
महिला को दौड़ाकर काटा
घरेलू सहायिका सरिता को कुत्तों ने दौड़ाकर पैर में काट लिया। उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें कुत्तों से बचाया। हमले के बाद उन्होंने इलाके में काम पर आने से इनकार कर दिया है।
नगर निगम की कार्रवाई का विरोध
शिकायत मिलने पर गुरुवार को नगर निगम की टीम आक्रामक कुत्तों को पकड़ने पहुंची। हालांकि, कुछ स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि वे कुत्तों की जिम्मेदारी लेने को तैयार हैं।
लोगों ने उठाई कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में तीन-चार आक्रामक कुत्ते राहगीरों, डिलीवरी बॉय और घरेलू सहायिकाओं पर अक्सर हमला करते हैं। कई शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में डर का माहौल है।
पार्षद ने निगम को भेजी शिकायत
पार्षद शैलेंद्र वर्मा ने बताया कि मामले की शिकायत नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी को भेज दी गई है। अधिकारी ने कहा कि आक्रामक या बीमार कुत्तों के मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।









