अभिनंदन वर्तमान ने एयरफोर्स से लिया रिटायरमेंट

अब Fly91 में उड़ाएंगे यात्री विमान- बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद 60 घंटे पाकिस्तान की कैद में रहे थे अभिनंदन

पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्तमान ने भारतीय वायुसेना से रिटायरमेंट ले लिया है। बालाकोट एयरस्ट्राइक के दौरान पाकिस्तान में करीब 60 घंटे तक कैद रहने वाले अभिनंदन अब कॉमर्शियल पायलट के तौर पर नई पारी शुरू कर चुके हैं। उन्होंने गोवा की प्राइवेट एयरलाइन फ्लाई-91 जॉइन की है।

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, अभिनंदन ने 31 मार्च 2026 को वायुसेना से सेवा समाप्त की और अगस्त में फ्लाई-91 से जुड़ गए। करीब दो दशक तक वायुसेना में सेवा देने के बाद अब वह यात्री विमान उड़ाएंगे। उनका सामान्य रिटायरमेंट वर्ष 2037 में होना था, जब उनकी उम्र 54 वर्ष होती।

MiG-21 उड़ाते हुए पाकिस्तानी F-16 से लिया था मुकाबला

अभिनंदन वर्तमान वायुसेना में MiG-21 फाइटर विमान उड़ाते थे। 27 फरवरी 2019 को पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने की कार्रवाई के दौरान उनका MiG-21 भी मिसाइल की चपेट में आ गया था।

विमान क्षतिग्रस्त होने के बाद अभिनंदन ने इजेक्ट किया और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में जा गिरे। इसके बाद पाकिस्तानी सेना ने उन्हें हिरासत में ले लिया था।

60 घंटे बाद अटारी बॉर्डर से हुई थी वापसी

पाकिस्तान में पकड़े जाने के बाद अभिनंदन की रिहाई को लेकर भारत ने कूटनीतिक और सैन्य स्तर पर दबाव बनाया। करीब 60 घंटे बाद 1 मार्च 2019 को उन्हें अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत वापस लाया गया।

उनकी वापसी के दौरान देशभर में लोगों ने उनका स्वागत किया था। वर्ष 2021 में भारत सरकार ने उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया।

पुलवामा हमले के बाद हुई थी बालाकोट एयरस्ट्राइक

14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में CRPF के काफिले पर आतंकी हमला हुआ था। इस हमले में 40 जवान शहीद हुए थे।

हमले के जवाब में भारत ने 26 फरवरी 2019 को पाकिस्तान के बालाकोट में एयरस्ट्राइक की थी। इसके अगले दिन भारत और पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों के बीच हवाई कार्रवाई हुई, जिसमें अभिनंदन ने पाकिस्तानी F-16 का पीछा किया था।

अब कॉमर्शियल पायलट के रूप में नई शुरुआत

वायुसेना से रिटायरमेंट के बाद अभिनंदन वर्तमान ने एविएशन क्षेत्र में ही अपना करियर आगे बढ़ाने का फैसला किया है। फ्लाई-91 से जुड़ने के बाद अब वह सैन्य फाइटर जेट की जगह कॉमर्शियल यात्री विमान उड़ाते नजर आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button