लखनऊ एयरपोर्ट पर एअर इंडिया एक्सप्रेस की इमरजेंसी लैंडिंग

कार्गो में धुएं का अलार्म बजने से मचा हड़कंप- 155 यात्रियों और क्रू को विमान से उतारा गया, जांच में धुआं नहीं मिला

लखनऊ। वाराणसी से दिल्ली जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट की गुरुवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान के कार्गो में स्मोक डिटेक्शन अलार्म बजने के बाद पायलट ने तत्काल लखनऊ एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया। अनुमति मिलने के बाद विमान को सुरक्षित उतारा गया।

8 बजे वाराणसी से भरी थी उड़ान

विमान संख्या IX 1253 ने गुरुवार सुबह करीब 8 बजे वाराणसी एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ देर बाद कार्गो में धुएं का अलार्म बजने लगा। स्थिति को देखते हुए पायलट ने लखनऊ एयरपोर्ट से संपर्क किया।

ATC से अनुमति मिलने के बाद सुबह 8:52 बजे विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग कराई गई। विमान के उतरते ही एयरपोर्ट की रिस्पॉन्स टीम सक्रिय हो गई।

फायर ब्रिगेड और टेक्निकल टीम ने संभाला मोर्चा

विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद फायर ब्रिगेड और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। विमान की विस्तृत जांच की गई और यात्रियों तथा क्रू को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

सुबह करीब 9:02 बजे विमान में सवार 155 यात्रियों और क्रू को उतार लिया गया। इसके बाद विमान को एयरपोर्ट के स्टैंड पर पार्क कर दिया गया।

जांच में नहीं मिला धुएं का संकेत

शुरुआती जांच में विमान के अंदर या कार्गो में धुएं का कोई संकेत नहीं मिला। इसके बाद अब तकनीकी टीम यह पता लगाने में जुटी है कि स्मोक डिटेक्शन अलार्म किस वजह से सक्रिय हुआ।

फिलहाल विमान को जांच के बाद स्टैंड पर खड़ा कर दिया गया है। अलार्म की वजह स्पष्ट होने के बाद ही पूरी स्थिति सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button