अंबेडकरनगर। महरुआ थाना क्षेत्र में एक युवक को घर से ले जाने के बाद उसकी जमीन का बैनामा कराने का मामला सामने आया है। युवक की मां किरन दूबे ने शनिवार को पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग की है। आरोप है कि एक सितंबर को विवेक दूबे और धीरज राजभर उनके बेटे अन्नू दूबे को घर से अपने साथ ले गए। दो दिन बाद पता चला कि अन्नू के नाम की जमीन का बैनामा अतुल पटेल के नाम हो चुका है। महिला ने जमीन की रकम भी उसके बैंक खाते से निकाले जाने का आरोप लगाया है।
सब्जी मंडी में करता था काम
किरन दूबे के अनुसार, उनका बेटा अन्नू अकबरपुर की सब्जी मंडी में काम करता था। करीब दो सप्ताह पहले उसकी पहचान विवेक दूबे और धीरज राजभर से हुई थी। महिला का आरोप है कि दोनों धीरे-धीरे अन्नू को अपने साथ ले जाने लगे। एक सितंबर को दोनों घर पहुंचे और अन्नू को साथ लेकर चले गए। इसके बाद वह वापस घर नहीं आया।
तीन सितंबर को परिजनों को अन्नू के नाम दर्ज जमीन के बैनामे की जानकारी हुई। महिला के मुताबिक, जमीन अतुल पटेल के नाम करा दी गई थी। उन्होंने बैनामा धोखे से कराए जाने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही जमीन के बदले बैंक खाते में आई रकम भी निकाल लिए जाने का दावा किया है।
किरन दूबे ने पुलिस से बेटे को ले जाने से लेकर जमीन के बैनामे और बैंक खाते से रकम निकाले जाने तक पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।









