मारुति सुजुकी इंडिया ने चुनिंदा कारों की कीमतों में सितंबर से ₹20 हजार तक बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। कंपनी के मुताबिक, बढ़ती उत्पादन लागत के कारण यह कदम उठाया गया है।
लगातार तीसरी बार बढ़े कारों के दाम
- मई के बाद कीमतों में यह तीसरी बढ़ोतरी है।
- पिछली दो बार पूरे पोर्टफोलियो की कीमतें बढ़ाई गई थीं।
- इस बार केवल चुनिंदा मॉडल महंगे होंगे।
- अधिकतम ₹20 हजार तक की बढ़ोतरी होगी।
बढ़ती लागत बनी वजह
कंपनी ने कहा कि महंगाई और लागत से जुड़ी परिस्थितियों के कारण उत्पादन खर्च लगातार बढ़ रहा है। लागत कम करने की कोशिशों के बावजूद इसका कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना जरूरी हो गया है।
फेस्टिव सीजन से पहले बढ़ा बोझ
सितंबर-अक्टूबर में त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ कारों की बिक्री बढ़ जाती है। ऐसे में कीमतों में बढ़ोतरी से नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों का बजट प्रभावित हो सकता है।
दूसरी कंपनियां भी बढ़ा सकती हैं दाम
जानकारों के मुताबिक, मारुति के बाद दूसरी वाहन कंपनियां भी आने वाले समय में कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती हैं।
टाटा मोटर्स ने भी बढ़ाए दाम
टाटा मोटर्स ने भी 1 सितंबर से अपनी पैसेंजर कारों की कीमतों में ₹25 हजार तक की बढ़ोतरी की है। यह बढ़ोतरी पेट्रोल-डीजल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों समेत पूरे पोर्टफोलियो पर लागू हुई है।









