अंबेडकरनगर। सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इससे मांझा इलाके में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। सोमवार शाम नदी का जलस्तर 85.58 मीटर दर्ज किया गया था। मंगलवार सुबह इसमें नौ सेंटीमीटर की और बढ़ोतरी हुई। नदी अब खतरे के निशान 85.56 मीटर से 11 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है।
जलस्तर बढ़ने से मांझा कम्हरिया और आराजी देवारा क्षेत्र के चार गांवों के पास बाढ़ का पानी पहुंच गया है। कम्हरिया घाट के किनारे बनी धर्मशाला में भी पानी घुस गया है।
खेतों में भर रहा पानी
ग्रामीणों के अनुसार, खेतों में पानी भरने से धान की फसल डूबने लगी है। गन्ने के खेत भी पानी की चपेट में आ रहे हैं। आराजी देवारा के हंसू का पूरा गांव के लोगों ने बताया कि सरयू का पानी लगातार बढ़ रहा है।
बाढ़ शरणालय और चौकियां सक्रिय
बाढ़ की आशंका को देखते हुए तहसील प्रशासन ने बरोही पांडेय का पूरा में बने बाढ़ शरणालय को चालू कर दिया है। आलापुर तहसील क्षेत्र की आठ बाढ़ चौकियों को भी सक्रिय किया गया है।
मांझा इलाके में चार सरकारी और सात निजी नावें लगाई गई हैं। 30 गोताखोरों को भी तैनात किया गया है। राजस्व टीमों को बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील इलाकों की निगरानी में लगाया गया है।









