अंबेडकरनगर। कटेहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के तहत खजावां गांव में आयुष्मान आरोग्य मंदिर के संचालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि गांव का आरोग्य मंदिर एएनएम रेखा वर्मा के अपने घर से ही संचालित हो रहा है। बताया जा रहा है कि करीब छह साल से केंद्र इसी तरह चल रहा है। यहां दवाएं और मरीजों से संबंधित रिकॉर्ड भी घर में रखे जाते हैं।
शिकायत के अनुसार केंद्र सुबह और शाम कुछ समय के लिए ही खुलता है। इससे गर्भवती महिलाओं की जांच, बच्चों के टीकाकरण और सामान्य मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं लेने में परेशानी होने का आरोप है।
सरकारी भवन नहीं मिला तो घर में शुरू हुआ केंद्र
स्वास्थ्य विभाग ने 22 दिसंबर 2022 को रेखा वर्मा को सबना गांव स्थित आरोग्य मंदिर से हटाकर खजावां में तैनात किया था। खजावां में आरोग्य मंदिर के लिए सरकार की ओर से कोई सरकारी भवन उपलब्ध नहीं कराया गया है।
इसके बाद केंद्र एएनएम रेखा वर्मा के घर में किराये पर संचालित होने की बात सामने आई है। यहीं से स्वास्थ्य सेवाएं संचालित होने का दावा किया जा रहा है। केंद्र में रखी दवाओं और मरीजों के रिकॉर्ड को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
तीन साल से ज्यादा तैनाती पर भी सवाल
मामले में एएनएम की लंबे समय से तैनाती को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्यकर्मियों को एक ही स्थान पर तीन साल से अधिक समय तक तैनात नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे में खजावां में लंबे समय से तैनाती की स्थिति भी जांच के दायरे में आ सकती है।









