सुल्तानपुर में दर्दनाक हादसा, जवान का शव लेकर जा रहे चार लोगों की मौत

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार एंबुलेंस, जवान का इकलौता बेटा और भाई भी मृतकों में

सुल्तानपुर। सुल्तानपुर में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हलियापुर के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में जवान का शव लेकर जा रहे चार लोगों की मौत हो गई।

मृतकों में सेना के सूबेदार मेजर सत्यवान का इकलौता बेटा गौरव सिंह (18), भाई राम समुझ (55), रिश्ते का भतीजा राजन सिंह (35) और एंबुलेंस चालक जसपाल शामिल हैं।

अयोध्या बॉर्डर के पास हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, हादसा रविवार सुबह करीब 8:15 बजे अयोध्या-सुल्तानपुर बॉर्डर के पास हलियापुर क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुआ। एंबुलेंस माइलस्टोन 79.6 किलोमीटर के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस का केबिन पूरी तरह पिचक गया। आगे बैठे गौरव सिंह और चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई। चालक का शव स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया था।

गाड़ी काटकर निकाले गए शव

हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव शुरू किया। एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शवों को बाहर निकालना मुश्किल था।

पुलिस टीम ने गाड़ी को काटकर आगे की सीट पर फंसे दोनों शवों को बाहर निकाला। पीछे बैठे राम समुझ और राजन सिंह को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की भी मौत हो गई।

पंचकुला से देवरिया जा रहे थे

परिवार के लोग सेना के सूबेदार मेजर सत्यवान का शव लेकर पंचकुला से देवरिया जा रहे थे। सत्यवान देवरिया के रुद्रपुर के रहने वाले थे और मेरठ में तैनात थे। चंडीगढ़ में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। करीब तीन दिन पहले पंचकुला में उनका निधन हो गया था।

इसके बाद परिवार के लोग शव लेने पंचकुला पहुंचे थे। सत्यवान के भाई राम समुझ, रिश्ते के भतीजे राजन सिंह और इकलौते बेटे गौरव सिंह शनिवार शाम करीब चार बजे एंबुलेंस से शव लेकर देवरिया के लिए रवाना हुए थे। परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार से उनके पीछे चल रहे थे।

सूबेदार का शव थाने में रखवाया गया

हादसे के बाद सूबेदार सत्यवान के शव को हलियापुर थाने में रखवाया गया। पुलिस ने हादसे में मारे गए चारों लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। डीएम इंद्रजीत सिंह और पुलिस कप्तान विनीत जायसवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत-बचाव की जानकारी ली।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/lucknow-commissionerate-5-acp-transfers/

डीएम को देखते ही फूट-फूटकर रोने लगा परिजन

हादसे की भयावहता के बीच मौके पर भावुक कर देने वाला दृश्य भी सामने आया। डीएम इंद्रजीत सिंह को देखते ही मृतक का एक परिजन उनके गले लगकर फूट-फूटकर रोने लगा। डीएम ने उसके कंधे पर हाथ रखकर उसे सांत्वना दी।

उधर, हादसे की खबर परिवार तक पहुंचते ही देवरिया स्थित सत्यवान के घर में कोहराम मच गया। एक ही हादसे में परिवार के तीन सदस्यों और एंबुलेंस चालक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button