मानसून ने पकड़ी रफ्तार: एमपी-गुजरात में एंट्री

मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

मध्य प्रदेश और गुजरात में बुधवार को मानसून ने 9 दिन की देरी के बाद दस्तक दे दी है। दोनों राज्यों में मानसून के आगमन की सामान्य तारीख 15 जून मानी जाती है। इसके साथ ही मानसून अब देश के 22 राज्यों को कवर कर चुका है और मौसम विभाग के अनुसार 5 जुलाई तक बाकी राज्यों में भी पहुंचने की संभावना है।

उधर, अरुणाचल प्रदेश में पिछले एक हफ्ते से लगातार तेज बारिश जारी है, जिससे हालात गंभीर बने हुए हैं। कीयी पन्योर जिले के याजाली सर्किल स्थित नीपको प्रोजेक्ट कॉलोनी में बाढ़ जैसे हालात बन गए। इस घटना में 3 लोगों के लापता होने की सूचना है, जबकि 18 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है। कई निचले इलाकों में पानी भर जाने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

वहीं, मुंबई में 13 दिन की देरी से मानसून की एंट्री हुई, जिसके बाद शहर में भारी बारिश दर्ज की गई। बुधवार सुबह 8 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, मलवणी फायर स्टेशन में 334 मिमी और एफ/साउथ वार्ड में 328 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा शहर के 27 इलाकों में 200 से 300 मिमी तक बारिश दर्ज हुई है।

लगातार बारिश के चलते मुंबई में अंधेरी सब-वे को अस्थाई रूप से बंद करना पड़ा। विक्रोली वेस्ट में एक रिहायशी इमारत के पास बनी रिटेनिंग वॉल गिर गई, जबकि कई जगह पेड़ उखड़ने से वाहनों को नुकसान पहुंचा और यातायात प्रभावित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button