वाराणसी। धर्म, अध्यात्म और आस्था की नगरी काशी एक बार फिर देव दीपावली के भव्य आयोजन के लिए तैयार हो रही है। 24 नवंबर 2026 को गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों पर दीपों की रोशनी से अलौकिक नजारा दिखाई देगा। आदि केशव घाट से लेकर सामने घाट तक गंगा के दोनों किनारों पर लाखों दीप जलाए जाएंगे। गंगा पार की रेती भी दीपों की सुनहरी रोशनी से जगमगाएगी। इसके अलावा शहर के प्राचीन कुंडों, तालाबों, पोखरों, मंदिरों और मठों में भी सामूहिक दीपदान किया जाएगा।
84 घाटों पर गठित की गईं आयोजन समितियां
देव दीपावली की तैयारियों को लेकर शनिवार को पराड़कर स्मृति भवन में केंद्रीय देव दीपावली महासमिति की पत्रकार वार्ता हुई। इसमें महासमिति के संस्थापक-अध्यक्ष पंडित नारायण गुरु ने आयोजन की रूपरेखा साझा की।
उन्होंने बताया कि उत्सव को ऐतिहासिक और व्यवस्थित बनाने के लिए काशी के सभी 84 घाटों पर अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है। ये समितियां अपने-अपने घाटों पर दीपदान और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगी।
15 सदस्यीय कोर कमेटी करेगी निगरानी
पूरे आयोजन के समन्वय और निगरानी के लिए 15 सदस्यीय कोर कमेटी बनाई गई है। यह कमेटी अलग-अलग घाट समितियों के साथ तालमेल बनाकर तैयारियों को अंतिम रूप देगी।
महासमिति के अनुसार, घाटों के अलावा काशी के 102 से अधिक प्राचीन कुंडों और पोखरों पर भी परंपरागत तरीके से देव दीपावली मनाई जाएगी।
गंगापार की रेती पर भी दिखेगी दीपों की छटा
देव दीपावली पर गंगा के पक्के घाटों के साथ गंगापार की रेती, सामने घाट और रामनगर घाट पर भी विशेष दीपोत्सव आयोजित होगा। लाखों दीपों से रोशन होने वाले इन स्थलों पर श्रद्धालुओं को भव्य दृश्य देखने को मिलेगा। मंदिरों और मठों में भी सामूहिक दीपदान की तैयारियां की जा रही हैं।









