अंबेडकरनगर। टीबी उन्मूलन अभियान को जनभागीदारी से मजबूत करने के लिए जिले में ‘जोश टीम’ को सक्रिय किया जाएगा। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘टीबी मुक्त भारत अभियान के लिए जोश टीम’ के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में सदस्य विधान परिषद हरिओम पांडेय, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, मुख्य विकास अधिकारी वैभव मिश्रा और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
युवा बनेंगे टीबी जागरूकता अभियान की कड़ी
कार्यक्रम में युवाओं, माय भारत वॉलंटियर्स और एनसीसी कैडेट्स को अधिक से अधिक ‘जोश टीम’ से जोड़ने के निर्देश दिए गए। टीम के माध्यम से टीबी के लक्षणों और बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ मरीजों को समय से उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
मरीजों की दवा नियमित चलती रहे, उपचार बीच में न छूटे और जरूरत के अनुसार लगातार फॉलोअप हो, इसके लिए भी सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया।
समय से दवा और पूरा उपचार कराने पर जोर
हरिओम पांडेय ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी विभागों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। ‘जोश टीम’ के माध्यम से अभियान को जनस्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
धर्मराज निषाद ने टीबी मरीजों को समय से दवा उपलब्ध कराने और उपचार का पूरा कोर्स सुनिश्चित करने की जरूरत बताई। सीडीओ वैभव मिश्रा ने कहा कि जिले में ‘जोश टीम’ के माध्यम से टीबी उन्मूलन के प्रयासों को और प्रभावी बनाया जाएगा।
टीबी मुक्त भारत की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को टीबी मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। इसमें एनसीसी नोडल, माय भारत के जिला युवा अधिकारी, पंचायती राज विभाग के अधिकारी, टीबी फ्री ग्राम पंचायतों के प्रधान, एनसीसी और माय भारत वॉलंटियर्स, टीबी विजेता, निक्षय मित्र तथा संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।









