अंबेडकरनगर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को जोड़ने के लिए निर्वाचन विभाग ने राजनीतिक दलों से सहयोग मांगा है। खास तौर पर पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और विवाह के बाद जिले में आईं उन पात्र महिलाओं पर ध्यान देने को कहा गया है, जिनका नाम अभी निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
हर बूथ पर एजेंट नियुक्त करने को कहा
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों से प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने और उनकी सूची निर्वाचन कार्यालय को देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि बीएलए अपने क्षेत्र में पात्र लोगों को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करें और नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरने में मदद करें।
युवाओं और पात्र महिलाओं का पंजीकरण प्राथमिकता
जिला निर्वाचन अधिकारी ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके उन युवाओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया, जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है। विवाह के बाद जिले में आईं पात्र महिलाओं को भी सूची में शामिल कराने के लिए सहयोग करने की अपील की गई।
बीएलओ के साथ तालमेल से होगा काम
उन्होंने बीएलए से संबंधित बूथों के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय बनाकर पंजीकरण प्रक्रिया में सहयोग करने को कहा। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेश चंद्र द्विवेदी, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार वर्मा और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।









