लखनऊ। कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर की मौजूदगी में शुक्रवार को विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें लोक जनशक्ति पार्टी के पदाधिकारी, समाजवादी पार्टी से जुड़े लोग और समाजसेवी शामिल रहे। इस दौरान गोंडा, बाराबंकी, वाराणसी, उन्नाव और लखनऊ के लोगों ने सुभासपा का दामन थामा।
सपा से जुड़े करीब 40 लोग शामिल
समाजवादी पार्टी से जुड़े मोहम्मद मुर्शिद खान के नेतृत्व में करीब 40 लोगों ने सुभासपा की सदस्यता ली। इसके अलावा विश्व हिंदू रक्षा परिषद के जिलाध्यक्ष चंद्रकांत अवस्थी भी पार्टी में शामिल हुए। सदस्यता कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नए सदस्यों का स्वागत किया।
पंचायत चुनाव पर हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत
प्रेस वार्ता के दौरान ओमप्रकाश राजभर ने पंचायत चुनाव को लेकर हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि तीन महीने के भीतर पंचायत चुनाव कराने की बात कही गई है। साथ ही पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट के आधार पर एक महीने के भीतर आरक्षण की प्रक्रिया पूरी करने की बात भी सामने आई है।
आयोग की रिपोर्ट के बाद चुनाव पर निर्णय
राजभर ने कहा कि पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आते ही पंचायत चुनाव कराने को लेकर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने आरक्षण की प्रक्रिया और चुनाव की समयसीमा को आगे की कार्रवाई के लिए अहम बताया।









