लखनऊ। राजधानी में नकली ऑक्सीटोसिन बनाने और उसकी सप्लाई करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। एसटीएफ और दुबग्गा पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार रात ग्राम मोहारी जेहटा में छापेमारी कर नकली ऑक्सीटोसिन बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यहां से दो करोड़ रुपये से अधिक कीमत का नकली ऑक्सीटोसिन, उसे तैयार करने का सामान और सप्लाई में इस्तेमाल होने वाला वाहन बरामद किया है।
बोतलों और एम्पुल में भरकर सप्लाई की तैयारी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नकली ऑक्सीटोसिन तैयार करने के बाद उसे बोतलों और एम्पुल में भरकर बाजार में सप्लाई करने की तैयारी कर रहे थे। छापेमारी के दौरान टीम को मौके से बड़ी मात्रा में नकली ऑक्सीटोसिन और उसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला। इसके अलावा सप्लाई के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला वाहन भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी सगे भाई
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलदार और इरफान के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं और ठाकुरगंज की कैटल कॉलोनी में रहते हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।









