अंबेडकरनगर। कृषि विज्ञान केंद्र पांती में शुक्रवार को रिफॉर्म उत्सव के तहत किसान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को नैनो उर्वरकों, प्राकृतिक खेती और फसलों को कीटों व रोगों से बचाने के तरीकों की जानकारी दी गई। इसमें करीब 50 किसानों ने हिस्सा लिया।
इफको के वरिष्ठ क्षेत्र प्रबंधक डॉ. देवी प्रसाद ने नैनो डीएपी, नैनो यूरिया, नैनो जिंक, नैनो कॉपर, बायो डीकंपोजर और सागरिका के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने इन उत्पादों के इस्तेमाल की जानकारी किसानों के साथ साझा की।
प्राकृतिक खेती और उर्वरकों के प्रयोग पर जोर
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. रामजीत ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने और नैनो उर्वरकों के उचित प्रयोग के लिए प्रेरित किया। डॉ. शिवम ने फसलों में लगने वाले कीटों और रोगों की रोकथाम के लिए कीटनाशकों व फफूंदनाशकों के उपयोग की जानकारी दी।
किसानों ने देखा प्रदर्शन प्रक्षेत्र
कार्यक्रम में शामिल किसानों को बायो डीकंपोजर निशुल्क वितरित किया गया। इसके बाद कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों और किसानों ने प्रदर्शन प्रक्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान किसानों ने वहां किए गए कृषि प्रदर्शनों को देखा।
कार्यक्रम में डॉ. प्रदीप, डॉ. लोकेश यादव और एसएफए हॉटस्पॉट अभय वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









