पीडीए सम्मेलन में 2027 का सियासी शंखनाद

प्रदेश अध्यक्ष ने रोजगार, पेपर लीक और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरा

अंबेडकरनगर। टांडा के चिंतौरा में आयोजित समाजवादी पार्टी के पीडीए महापंचायत एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में रविवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। कार्यक्रम में सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी का दावा सामने रखा। उन्होंने कहा कि 2027 में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होगा और सपा व पीडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए जनता आगे आ चुकी है।

सम्मेलन टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा के नेतृत्व में हुआ। टांडा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। कार्यक्रम में पीडीए से जुड़े मुद्दों और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई। आयोजकों ने सम्मेलन में जुटी भीड़ को कार्यकर्ताओं की भागीदारी और संगठन की सक्रियता बताया।

रोजगार और पेपर लीक पर सरकार को घेरा

श्यामलाल पाल ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर पीडीए वर्ग के साथ छल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने का वादा किया गया था। इसके बजाय प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा समाजवादी विचारधारा के प्रमुख मुद्दों में है। कार्यकर्ताओं से अपने मताधिकार के प्रति सजग रहने को कहा।

कानून व्यवस्था को लेकर भी उठाए सवाल

प्रदेश अध्यक्ष ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने गाजीपुर की एक घटना का जिक्र किया। आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार से मिलने गए समाजवादी प्रतिनिधिमंडल के लोगों पर ही मुकदमे दर्ज कर दिए गए। उन्होंने कहा कि सरकार को कानून व्यवस्था और आम लोगों से जुड़े मामलों पर जवाब देना चाहिए।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ram-mandir-offering-theft-champat-rai-witness/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button