दिल्ली में दो अलग-अलग सड़क हादसे, तीन लोगों की मौत; पांच घायल

आनंद पर्वत में DTC बस ने तीन दोपहिया वाहनों और ई-रिक्शा को मारी टक्कर, द्वारका में ट्रक की टक्कर से युवक की मौत; चालक गिरफ्तार

 राजधानी दिल्ली में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। पहला हादसा आनंद पर्वत इलाके में हुआ, जहां DTC बस ने तीन दोपहिया वाहनों और एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा 212 बस स्टैंड के पास हुआ।

हादसे के बाद मौके से फरार हुई महिला चालक

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, DTC बस टिकरी बॉर्डर की ओर जा रही थी। बस को एक महिला चला रही थी। हादसे के बाद महिला चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे से नाराज लोगों ने बस की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।

द्वारका में ट्रक ने दो मोटरसाइकिलों को मारी टक्कर

दूसरा हादसा शनिवार देर रात द्वारका के सेक्टर-18 में हुआ। यहां क्रिसेंट अपार्टमेंट क्रॉसिंग के पास एक ट्रक ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक, हादसा रात करीब 12:45 बजे हुआ। दुर्घटना में गौरव नाम के युवक की मौत हो गई, जबकि हितेश (18), हर्षित (20) और ध्रुव (23) घायल हो गए।

अस्पताल में गौरव को मृत घोषित किया

पुलिस के अनुसार, गौरव के सिर में गंभीर चोट आई थी। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका शव दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। हादसे में घायल हितेश और हर्षित को पहले इंदिरा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें दूसरे मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया।

घायल ध्रुव की हालत के बारे में जानकारी जुटा रही पुलिस

तीसरे घायल ध्रुव को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, वह बयान देने की स्थिति में नहीं था। ऐसे में दुर्घटना से जुड़े घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटाने के लिए पुलिस घायलों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी।

आगरा निवासी ट्रक चालक गिरफ्तार

द्वारका हादसे के मामले में पुलिस ने ट्रक चालक होताम सिंह (41) को पकड़ लिया है। वह उत्तर प्रदेश के आगरा का रहने वाला है। पुलिस दोनों हादसों के संबंध में जांच कर रही है। आनंद पर्वत मामले में बस चालक की भूमिका और द्वारका दुर्घटना में ट्रक की टक्कर के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button