नई दिल्ली। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जनगणना में जाति का डेटा जुटाने के मौजूदा तरीके पर आपत्ति जताई है। दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर जाति दर्ज करने के लिए ओपन फॉर्मेट के बजाय ड्रॉप-डाउन लिस्ट इस्तेमाल करने की मांग की है।
एक जाति कई नामों से दर्ज होने की आशंका
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ओपन फॉर्मेट में एक ही जाति को अलग-अलग नाम या तरीके से दर्ज किया जा सकता है। इससे जातियों का रिकॉर्ड असमान हो सकता है और आंकड़ों की सटीकता प्रभावित होने की आशंका है।
ड्रॉप-डाउन लिस्ट की मांग
खड़गे और राहुल गांधी के मुताबिक, जनगणना में जातियों की ड्रॉप-डाउन सूची उपलब्ध कराने से एक समान और व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार किया जा सकेगा। उन्होंने सरकार से जातीय जनगणना में इस व्यवस्था को अपनाने की मांग की है।
पिछड़े वर्गों पर असर की आशंका
दोनों नेताओं ने कहा कि जाति दर्ज करने का मौजूदा तरीका पिछड़े और अत्यंत पिछड़े वर्गों के लिए नुकसानदेह हो सकता है। उनका कहना है कि जातियों के सही और एकरूप आंकड़े तैयार करना जरूरी है।
नए सवालों पर व्यापक सलाह की मांग
कांग्रेस नेताओं ने जनगणना में पूछे जाने वाले सवालों को लेकर भी बदलाव की मांग की है। उन्होंने कहा कि नए सवाल तैयार करने से पहले राजनीतिक दलों, विशेषज्ञों और आम जनता से सलाह ली जानी चाहिए।









