अंबेडकरनगर। शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अकबरपुर शहर में यातायात व्यवस्था बदली गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 17 अक्टूबर 2026 को सुबह छह बजे से दशहरा पर मूर्ति विसर्जन तक भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, शाम पांच बजे से हल्के वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लागू होगी। पुलिस ने वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।
भारी वाहनों को बाईपास से गुजरना होगा
आजमगढ़ और बसखारी से अयोध्या जाने वाले भारी वाहन न्यौतरिया बाईपास से गोहन्ना चौराहा, पहितीपुर, श्रवण क्षेत्र और अन्नावा होते हुए जाएंगे। अयोध्या से आने वाले भारी वाहनों को भी इसी मार्ग से लौटना होगा।
बस्ती और टांडा से अकबरपुर आने वाले भारी वाहनों को कटारिया याकूबपुर से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन बाईपास का इस्तेमाल कर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। अकबरपुर क्षेत्र में मालीपुर रोड, जलालपुर रोड, बसखारी रोड, टांडा रोड और दोस्तपुर रोड के प्रमुख बाईपास व चौराहों पर भी डायवर्जन लागू रहेगा।
हल्के वाहनों के लिए तय किए गए वैकल्पिक रास्ते
पटेल तिराहा से इल्तिफातगंज मार्ग: इस दिशा में जाने वाले वाहन टांडा रोड स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज मोड़ से होकर जाएंगे। विपरीत दिशा से आने वाले वाहन भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।
शहजादपुर से तहसील और पटेल तिराहा: इस ओर जाने वाले वाहनों को गोहन्ना बाईपास से हाईवे होते हुए न्यौतरिया के रास्ते पटेल तिराहा पहुंचना होगा। तहसील की ओर से शहजादपुर जाने वाले वाहनों को भी गोहन्ना बाईपास और हाईवे का इस्तेमाल करना होगा।









