डीएम और एसपी ने सुनीं लोगों की शिकायतें

6 मामलों का मौके पर निस्तारण, लंबित शिकायतों पर डीएम ने तय समय सीमा में कार्रवाई के दिए निर्देश

अम्बेडकरनगर। भीटी तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने संयुक्त रूप से लोगों की शिकायतें सुनीं। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी 107 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें से 6 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शासन के निर्देशानुसार आयोजित समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। डीएम और एसपी ने एक-एक शिकायत की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

राजस्व और भूमि विवादों में मौके पर जांच के निर्देश

जनसुनवाई के दौरान राजस्व और भूमि संबंधी मामलों की संख्या अधिक रही। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों में मौके पर जाकर जांच की जाए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रखी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न बने, बल्कि लोगों को वास्तविक और संतोषजनक समाधान मिले।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए।

पुलिस से जुड़े मामलों पर एसपी ने दिए आवश्यक निर्देश

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं को समय पर कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button