कानपुर। नौबस्ता थाना क्षेत्र के धरीपुरवा में मंगलवार देर रात रावण दहन से पहले कार्बाइड सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। धमाके में गुब्बारा विक्रेता समेत छह से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में दो साल की बच्ची भी शामिल है। घटना के बाद मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
धरीपुरवा पार्क में चल रही थी रामलीला
जानकारी के मुताबिक, नौबस्ता के धरीपुरवा पार्क में श्रीबजरंग रामलीला कमेटी की ओर से रामलीला का आयोजन किया जा रहा था। मंगलवार को यहां रावण दहन का कार्यक्रम रखा गया था। आयोजन में शामिल होने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे।
रात 11:15 बजे फटा सिलेंडर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रामू नाम का गुब्बारा विक्रेता निर्माणाधीन डिवाइडर के अंदर कार्बाइड सिलेंडर रखकर गुब्बारे बेच रहा था। मंगलवार रात करीब 11:15 बजे अचानक तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। धमाके की चपेट में आकर रामू उछलकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोग भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गए।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिस ने घायलों को आत्माराम अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत को देखते हुए गुब्बारा विक्रेता रामू को हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में दो साल की बच्ची के शामिल होने से घटना की गंभीरता और बढ़ गई।
निर्माणाधीन सड़क के पास बेच रहा था गुब्बारे
घटनास्थल के पास बसंत विहार से यशोदा नगर के राजाराम चौक जाने वाली सीएम ग्रिड सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुब्बारा विक्रेता निर्माणाधीन डिवाइडर के अंदर सिलेंडर रखकर गुब्बारे बेच रहा था। सिलेंडर फटने के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।









