राहुल की ED के सामने पेशी : सड़क पर धरना दे रहे CM गहलोत-बघेल समेत कई सांसद हिरासत में

नेशनल हेराल्ड केस में ED की राहुल गांधी से पूछताछ जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ED के अफसर उनसे 50 से ज्यादा सवाल कर रहे हैं। लेकिन इससे पहले कांग्रेस ने इस कार्रवाई का जमकर विरोध किया। सुबह से पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली मे जगह-जगह राहुल के पोस्टर लगा दिए थे। जिस पर लिखा था- राहुल झुकेगा नहीं। देश के अन्य हिस्सों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने धरना देकर प्रदर्शन किया।

हिरासत में लिए गए नेताओं से मिलने पहुंचीं प्रियंका
पुलिस ने राहुल गांधी के साथ ED ऑफिस जा रहे नेताओं को हिरासत में ले लिया। इनमें राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत कई नेता शामिल हैं। प्रियंका गांधी ने तुगलक रोड पुलिस स्टेशन पहुंचकर इन नेताओं से मुलाकात की।

असिस्टेंट डायरेक्टर लेवल के अफसर कर रहे पूछताछ
ED सूत्रों की मानें तो आज राहुल से असिस्टेंट डायरेक्टर लेवल के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। पूछताछ सामान्य तरीके से की हो रही है, जैसे बाकी आने वाले लोगों से की जाती है। जांच के दौरान राहुल गांधी अपना मोबाइल फोन यूज नहीं कर पाएंगे।

राहुल के लिए ED के सवालों की लंबी सूची तैयार
ED ने राहुल गांधी से पूछताछ के लिए सवालों की लंबी सूची तैयार की है। लगभग दो दर्जन सवाल ED के अफसर पूछेंगे, जो सभी नेशनल हेराल्ड और यंग इंडिया कंपनी से जुड़े हैं। राहुल गांधी यंग इंडिया कंपनी में अपनी मां सोनिया गांधी के साथ 38-38% के हिस्सेदार है। बाकी हिस्सेदारी कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा और ऑस्कर फर्नाडिस के पास है। इन दोनों नेताओं का देहांत हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button