जेल में श्रद्धा दुबे ने किसी से नहीं की बात, 10 दिन की न्यायिक हिरासत में मॉडल

शिवा शर्मा हत्याकांड की आरोपी श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर जिला जेल में बंद; पूछताछ में श्रद्धा ने कहा- मेरे वकील से बात करिए

लखनऊ। कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड की आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर को गुरुवार को जिला जेल भेज दिया गया। अदालत ने तीनों को 10 दिन की न्यायिक हिरासत में रखने का आदेश दिया है। जेल में क्वारंटाइन अवधि पूरी होने के बाद शुक्रवार को दोनों बहनों को 45 महिला बंदियों वाली सामान्य बैरक में शिफ्ट कर दिया गया।

जेल प्रशासन के मुताबिक, जेल पहुंचने के बाद श्रद्धा ने किसी से बातचीत नहीं की। गुरुवार रात वह सामान्य दिखने की कोशिश कर रही थी, लेकिन उसके चेहरे पर तनाव नजर आ रहा था। शुक्रवार तड़के उसे कुछ देर के लिए नींद आई। सुबह छह बजे जेल प्रशासन ने उसे जगा दिया।

रात का खाना पूरा नहीं खाया

जेल प्रशासन के अनुसार, श्रद्धा को रात के भोजन में साबुत उड़द की दाल, रोटी और आलू-सोया-मेथी की सब्जी दी गई थी। उसने खाना पूरा नहीं खाया। शुक्रवार सुबह नाश्ते में उसे मीठी दलिया और चाय दी गई।

पूछताछ में वकील से बात करने को कहा

पुलिस ने गुरुवार को हजरतगंज थाने में श्रद्धा, रश्मि और तनवीर से अलग-अलग पूछताछ की। यह प्रक्रिया करीब साढ़े छह घंटे चली। रिपोर्ट के मुताबिक, श्रद्धा ने पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दिया और पुलिस टीम से कहा, “आप मेरे वकील से बात करिए।”

इसके बाद सिविल अस्पताल में तीनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने शाम को उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से तीनों को 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button