लखनऊ में अय्यप्पा मंदिर का ताला तोड़कर चोरी, 5,145 रुपये के साथ आरोपी गिरफ्तार

महंगे शौक पूरे करने के लिए करता था चोरी, पहले की रेकी फिर दीवार फांदकर मंदिर में घुसा

लखनऊ। गोमतीनगर के विनीतखंड स्थित लॉर्ड अय्यप्पा मंदिर में चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उजरियांव के भीमनगर निवासी अर्सलान (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 5,145 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मंदिर के दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी चोरी कर ले गया था।

10 अक्टूबर को दर्ज हुई थी शिकायत

लॉर्ड अय्यप्पा सर्विस सोसाइटी के महासचिव ओमानाकुट्टन एनके ने 10 अक्टूबर को गोमतीनगर थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात व्यक्ति मंदिर के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसा और दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ले गया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। रविवार को मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस टीम ने विनीतखंड-5 में रेलवे लाइन की ओर जाने वाले रास्ते से अर्सलान को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी की रकम के रूप में 5,145 रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पहले की रेकी, फिर दीवार फांदकर मंदिर में घुसा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरी करता था। चोरी से मिले पैसे मौज-मस्ती में खर्च कर देता था। मंदिर में चोरी करने से पहले उसने आसपास के इलाके की रेकी की थी। इसके बाद दीवार फांदकर मंदिर परिसर में दाखिल हुआ और दानपात्र से नकदी चोरी कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button