मऊ। महिला से फोन पर कथित तौर पर आपत्तिजनक बातचीत करने के मामले में सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश सिंह को निलंबित कर दिया गया है। उनकी महिला से बातचीत का ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने मामले की जांच शुरू की थी। शुरुआती जांच में ऑडियो सब इंस्पेक्टर का पाया गया। इसके बाद एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने पहले उन्हें लाइन हाजिर किया और फिर शुक्रवार शाम निलंबन की कार्रवाई की।
सीओ मोहम्मदाबाद गोहना को सौंपी गई जांच
मामले की विस्तृत जांच सीओ मोहम्मदाबाद गोहना जितेंद्र सिंह को सौंपी गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ओमप्रकाश सिंह मधुबन थाना क्षेत्र की दुबारी पुलिस चौकी पर तैनात थे।
एक साल पहले कोपागंज से हुआ था तबादला
जानकारी के मुताबिक, सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश सिंह मूल रूप से मिर्जापुर जिले के पड़री थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। करीब एक साल पहले उनका कोपागंज थाने से तबादला होकर मऊ के मधुबन थाने में हुआ था। अक्टूबर के पहले सप्ताह में उन्हें जिला मुख्यालय से करीब 32 किलोमीटर दूर दुबारी पुलिस चौकी का प्रभारी बनाया गया था।
महिला से बातचीत के ऑडियो को लेकर सामने आए मामले की जांच जारी है। पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।









