- बच्चों के खेलने को लेकर दो पक्षों में विवाद
- दोनों ओर से चले लाठी-डंडे
- मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दरगाह शरीफ में बच्चों के खेलने को लेकर दो पक्षों की महिलाओं के बीच विवाद हो गया। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। घटना का वीडियो शनिवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
जानकारी के मुताबिक, बच्चों के खेलने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। इसके बाद महिलाएं आपस में भिड़ गईं और मारपीट शुरू हो गई। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो शनिवार सुबह करीब 11 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
चार महिलाओं को पुलिस ने पकड़ा
वीडियो सामने आने के बाद गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और घटनास्थल के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रहनुमा, जरीना, तरन्नुम और इलमा को गिरफ्तार कर लिया।
तहरीर नहीं मिली, शांतिभंग में कार्रवाई
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई कर रही है।









