सीतापुर। जिले में सोमवार देर रात तालाब में डूबी आल्टो कार से तीन कारोबारियों के शव बरामद किए गए। ड्यूटी से घर लौट रहे कुछ ग्रामीणों को तालाब में कोई चीज तैरती दिखाई दी। टॉर्च जलाकर देखने पर कार की छत नजर आई, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
कार में आगे और पीछे की सीट पर मिले शव
सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को तालाब से बाहर निकलवाया। कार के अंदर दो शव आगे की सीटों पर और एक शव पीछे की सीट पर मिला। शवों के पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतकों की पहचान राकेश चौरसिया (50), सतीश निर्मल (40) और रामेंद्र सिंह (62) के रूप में हुई।
बेटे का एक्सीडेंट होने पर बहराइच गए थे राकेश
पुलिस ने मृतकों के परिजनों से संपर्क किया तो पता चला कि बहराइच में राकेश चौरसिया के बेटे का एक्सीडेंट हो गया था। बेटे को देखने के लिए राकेश अपने दो दोस्तों के साथ बहराइच रवाना हुए थे। लौटते समय परिवार से उनकी बातचीत भी हुई थी, लेकिन इसके बाद संपर्क नहीं हो सका।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना जिला मुख्यालय से करीब 42 किलोमीटर दूर कमलापुर थाना क्षेत्र के पंचपीर गांव की है। प्रभारी निरीक्षक अतुल चौधरी ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के लिए आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।









