लखनऊ में फॉर्मेलिन टैंकर हादसा

19 घंटे बाद भी राहत कार्य जारी, 500 मीटर तक आंखों में जलन

  • बीकेटी में किसान पथ पर केमिकल से भरा टैंकर पलटने के बाद हाईवे की एक लेन और सर्विस रोड बंद
  • मिट्टी डालकर केमिकल का असर कम करने की कोशिश

लखनऊ। बख्शी का तालाब (बीकेटी) क्षेत्र में किसान पथ पर फॉर्मेलिन से भरा टैंकर पलटने के करीब 19 घंटे बाद भी राहत कार्य जारी है। हाईवे पर मिट्टी डालकर केमिकल के असर को कम करने की कोशिश की जा रही है। एहतियात के तौर पर हाईवे की एक लेन और सर्विस रोड को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया है।

500 मीटर के दायरे में आंखों में जलन

हादसे के बाद आसपास के इलाके में केमिकल का असर अब भी महसूस किया जा रहा है। करीब 500 मीटर के दायरे में लोगों को आंखों में जलन की शिकायत हो रही है। हालांकि, मंगलवार को केमिकल का असर सोमवार के मुकाबले कम बताया जा रहा है। मौके पर पुलिस और एंबुलेंस तैनात हैं।

सोमवार शाम पलटा था टैंकर

टैंकर सोमवार शाम करीब 7:30 बजे किसान पथ पर मानपुर-बाना अंडरपास के पास पलट गया था। इसके बाद करीब दो किलोमीटर के दायरे में लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होने लगी थी। वहीं, पांच किलोमीटर तक फॉर्मेलिन का असर महसूस किए जाने की बात सामने आई थी।

संडीला से गुडंबा जा रहा था टैंकर

जानकारी के मुताबिक, टैंकर हरदोई के संडीला से गुडंबा स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में जा रहा था। हादसे के बाद पुलिस ने फैक्ट्री के कर्मचारियों को मौके पर बुलाया और उनसे केमिकल का असर कम करने के तरीके की जानकारी ली। फिलहाल, प्रभावित क्षेत्र में राहत कार्य और एहतियाती इंतजाम जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button